ई.एस.आई.सी. कॉलोनी सेक्टर-30A में नई RWA कार्यकारिणी का भव्य स्वागत, विकास को मिलेगी नई दिशा

लोकेश झा। नजऱ इंडिया 24
चंडीगढ़ सेक्टर-30A स्थित ई.एस.आई.सी. कॉलोनी परिसर में 24 दिसंबर 2025 को नवगठित ई.एस.आई.सी. एम्प्लॉइज रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की नई कार्यकारिणी समिति के लिए एक भव्य परिचयात्मक बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कॉलोनी निवासियों से परिचय कराना तथा आगामी वर्ष के विकास कार्यों का रोडमैप साझा करना रहा।
इस अवसर पर चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर श्रीमती तरूणा मेहता एवं यदवेंद्र मेहता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में डिप्टी मेयर, RWA अध्यक्ष श्री मंजीत सहरावत, महासचिव नवकिरनजीत सिंह, क.रा.बी. निगम कर्मचारी संघ के प्रधान श्री तीरथ राय, केयरटेकर श्री रोहित कुमार सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
बैठक की शुरुआत अध्यक्ष श्री मंजीत सहरावत के संबोधन से हुई। उन्होंने निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति की प्राथमिकता कॉलोनी में सुरक्षा, स्वच्छता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने पारदर्शिता एवं सभी निवासियों के सहयोग से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान महासचिव नवकिरनजीत सिंह, कोषाध्यक्ष मोहित सिंघाल एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने विज़न को साझा किया। बैठक में कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, कचरा प्रबंधन प्रणाली को बेहतर बनाने तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डिप्टी मेयर श्रीमती तरूणा मेहता ने नवगठित RWA को बधाई देते हुए विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि RWA के गठन से कॉलोनी के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वहीं यदवेंद्र मेहता ने RWA की जिम्मेदारियों और भूमिका पर प्रकाश डाला।
संवाद सत्र के दौरान निवासियों ने अपनी समस्याएँ एवं सुझाव समिति के समक्ष रखे, जिन पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक के समापन पर उपाध्यक्ष कुमार रविशंकर ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद किया और एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर हरजीत सिंह, विकास लखचौरा, गौरव नंदा, निखिल वर्मा, विपुल रैना, मानसी तिवारी, समशेर सिंह, संजय कुमार, अशोक कुमार, संदीप सागवान, पप्पू कुमार, शंकर राजपाल, सुरेंद्र सिंह, मोहित पारिक, जसप्रीत सिंह, दिव्यम कुमार, प्रवीण कुमार, तरसेम, शशि कुमार सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।




