एक कदम गाँव की ओर : धूप छांव फाउंडेशन ने ग्रामीण बच्चों में बाँटी गर्माहट और संस्कार

जयपुर। एक कदम गाँव की ओर, गाँव हमारी संस्कृति की भावना को साकार करते हुए धूप छांव फाउंडेशन, जयपुर द्वारा अपने वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत मनोहरपुर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रैगर बस्ती में अध्ययनरत कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों को जैकेट वितरित की गईं। यह विद्यालय उन क्षेत्रों में स्थित है, जहाँ संसाधनों और सुविधाओं की पहुँच बेहद सीमित है।
कार्यक्रम के दौरान आगामी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के उपलक्ष्य में उनके देश के लिए किए गए अद्वितीय बलिदान और योगदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। फाउंडेशन की अध्यक्षा मीरा अग्रवाल ने बताया कि ऐसे ग्रामीण कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की सोच, उनकी प्रतिभा और हुनर को जानने का अवसर मिलता है। साथ ही इन प्रयासों से बच्चों और ग्रामवासियों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान दिखाई देती है, जो फाउंडेशन के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सत्यभामा गुप्ता एवं उप प्रधानाचार्या स्नेहलता जी सहित समस्त विद्यालय परिवार ने धूप छांव फाउंडेशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की ओर से मीरा अग्रवाल, संजय गर्ग, विजय गुप्ता, देव अग्रवाल तथा आमंत्रित सदस्यों विकास जैन और विनीता जैन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और संवेदनशीलता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ।




