रक्तवीर नरेंद्र सिंह राठौड़ ने रचा सेवा का इतिहास, 128वीं बार किया रक्तदान

जोधपुर | 28 जनवरी मानवता और सेवा के क्षेत्र में एक और मिसाल कायम करते हुए जोधपुर के रक्तवीर एवं वंदे भारत सेवा संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ ने आज 128वीं बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का गौरव प्राप्त किया। राठौड़ ने मेडिपल्स अस्पताल में भर्ती एक गंभीर मरीज के लिए रोटरी ब्लड बैंक में ए पॉजिटिव एसडीपी दान किया। वंदे भारत सेवा संस्थान के प्रवक्ता किशन पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नरेंद्र सिंह राठौड़ अब तक 70 बार एसडीपी, 52 बार होल ब्लड तथा 6 बार प्लाज्मा दान कर चुके हैं। इतना ही नहीं, मानव सेवा की भावना से प्रेरित होकर वे तीन बार केश (बाल) दान भी कर चुके हैं। इस अवसर पर वंदे भारत सेवा संस्थान के संरक्षक सुरेश डोसी, विजय अरोड़ा, विनोद आचार्य, मीडिया प्रभारी डॉ. राकेश वशिष्ठ, अर्जुन सुथार, शुभम बोराणा, राहुल बोराणा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र सिंह राठौड़ को उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। राठौड़ का यह सेवा भाव न केवल समाज के लिए प्रेरणा है, बल्कि युवा पीढ़ी को मानव धर्म निभाने का सशक्त संदेश भी देता है।




