सुखी दाम्पत्य जीवन की कामना के साथ नव दंपत्तियों ने किया देहली वंदन, हवन

जयपुर। छोटी छोटी बातों को लेकर बढ़ रहे तलाक के प्रकरणों और परिवारों में बिखराव की चिंताओं के बीच रविवार को गोविंद देव जी मंदिर में एक प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पिछले दिनों परिणय सूत्र में बंधे एक दर्जन से अधिक नव दंपत्तियों को मंदिर में आमंत्रित कर सफल गृहस्थ जीवन पर प्रेरक उद्बोधन दिया गया। सुखी दाम्पत्य जीवन की मंगल कामना के उद्देश्य से रविवार को गोविंद देवजी मंदिर में देहली वंदन कर ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में नव दंपत्तियों को ठाकुर जी का चित्र, प्रसाद , दुपट्टा भेंट कर सुखी दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद देव जी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने मां गायत्री , ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी, गुरुसत्ता के षोडशोपचार पूजन के साथ की। इसके बाद गायत्री महायज्ञ में विशिष्ट हवन सामग्री से आहुतियां प्रदान कर नव दंपत्तियों के सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य की कामना की गई। गायत्री कचोलिया ने भारत की परिवार व्यवस्था ही रत्नों की खान है…प्रज्ञा गीत से पारिवारिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। वर्षा गुप्ता ने सुखी दाम्पत्य जीवन के सूत्र बताए। भक्त भूषण और वर्मा नीलम वर्मा ने गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया। नव दंपति ने विवाह से जुड़ी प्रतिज्ञाओं का दोहरान किया। गायत्री परिवार की ओर से गृहस्थ जीवन से संबंधित पुस्तकों का सेट भेंट किया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्प वर्षा कर शुभकामना की।
कार्यक्रम में नव दंपत्तियों के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी यज्ञ में आहुतियां प्रदान कर धर्म लाभ अर्जित किया।




