दादू धाम में पंच दिवसीय संत सम्मेलन का भव्य आयोजन धूमधाम से सम्पन्न।
जयपुर। दादू धाम नांगल पुरोहितान में संत शिरोमणि श्री श्री दादू दयाल जी महाराज एवं महंत श्री हरिदास जी की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर पंच दिवसीय दादू वाणी पाठ के साथ विशाल संत सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम महंत श्री पूरण दास जी के सानिध्य में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर आचार्य श्री श्री 1108 श्री ओमप्रकाश दास जी सहित देशभर से पधारे अनेक संत-महंतों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रमुख रूप से महंत श्री बुधराम दास जी, जमात लाल सौट, संत बाबा बजरंग दास महाराज (गुवाड़ी), संत श्री भवानी दास जी महाराज (दादर धाम), संत श्री गोविंद दास जी महाराज (टांका बिचून), संत हरिकिशन दास फौजी बाबा (समलेठी आश्रम), संत सावर दास जी, संत रामलखन दास जी, संत सुर्जन दास जी सहित कई संत-महंत शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान दादू वाणी पाठ, सत्संग एवं प्रवचनों के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक ज्ञान की अमृतवाणी सुनाई गई। रात्रि में आयोजित भजन संध्या ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पंगत प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर प्रकाश दास स्वामी, हरिओम स्वामी, रामसुखदास स्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों द्वारा पधारे सभी संत-महंतों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।




