झोटवाड़ा गणेश कॉलोनी में भगवान नृसिंह जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, 1100 दीपों की आरती, मातृशक्ति के भजनों से गूंजा वातावरण

जयपुर। झोटवाड़ा स्थित गणेश कॉलोनी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान नृसिंह जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर 1100 दीपों से भव्य आरती की गई, जिससे पूरा परिसर दिव्यता से आलोकित हो उठा। मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए और भगवान को प्रसन्न किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर महंत बजरंग शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान महंत बजरंग शर्मा एवं विष्णु शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष गणेश कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु मिलकर भगवान नृसिंह जी का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाते हैं। उन्होंने बताया कि यहां समय-समय पर भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन भी आयोजित होते रहते हैं।आयोजन में विश्व सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा एवं उनकी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन की भी मौजूदगी रही। इस अवसर पर विष्णु शर्मा, राजू शर्मा, भवानी सिंह, राम सिंह, रूपेंद्र सिंह, रविन्द्र गुप्ता, सुरेंद्र खानडी, विजेंद्र सिंह तारपुरा, जय प्रकाश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और वातावरण भक्तिमय बना रहा।




