दिल्ली में रंगोत्सव व सम्मान समारोह सम्पन्न, कशिश काव्य मंच को मिला ‘शनिधा साहित्य संवर्धन सम्मान’

नई दिल्ली । 22 फरवरी। दिल्ली की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था नवल रश्मि – एक भोर नयी द्वारा 22 फरवरी को रंगोत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। साहित्य और संस्कृति के इस उल्लासपूर्ण संगम में देशभर से आमंत्रित रचनाकारों ने भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह के दौरान कशिश काव्य मंच को साहित्य जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘शनिधा साहित्य संवर्धन सम्मान’ से अलंकृत किया गया। यह सम्मान मंच के संयोजक एवं महामंत्री पवन मल्होत्रा एडवोकेट तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय कुमार गिरि ने मंच पर ग्रहण किया। सम्मान प्राप्ति पर उपस्थित साहित्यकारों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में आमंत्रित रचनाकारों ने कविता, गीत, ग़ज़ल और विभिन्न साहित्यिक विधाओं में मधुर काव्य पाठ प्रस्तुत कर समां को भाव-विभोर कर दिया। रचनाओं की सरसता और प्रस्तुति की गरिमा ने वातावरण को पूर्णतः साहित्यिक रंग में रंग दिया।
समापन अवसर पर सभी साहित्यकारों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली उत्सव मनाया, जिससे कार्यक्रम में रंगोत्सव की छटा और भी मनोहारी हो उठी। संस्था की संस्थापिका निधि मानवी के उत्कृष्ट प्रबंधन, आत्मीय स्वागत और सुव्यवस्थित आयोजन की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनके नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय बन गया।




