शिक्षक दिवस पर डॉ. कंचन जैन को मिला ‘भारत गुरु रत्न अवार्ड’ मिली बधाइयां
इंदौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. कंचन जैन को प्रतिष्ठित ‘भारत गुरु रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय अकादमी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस की ओर से 5 सितंबर को आयोजित समारोह में एम्ब. डॉ. टीकम सोनी द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. कंचन जैन को यह सम्मान शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर समर्पण, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए दिया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. जैन ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल गौरव का विषय नहीं, बल्कि भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर इंदौर के डॉ. बी.एल. सैनी, प्राचार्य ने डॉ. कंचन जैन को बधाई देते हुए कहा कि उनका सम्मान पूरे इंदौर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षा के प्रति डॉ. जैन की निष्ठा, समर्पण और उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। वहीं डॉ. समता जैन, सहायक प्रोफेसर, इंदौर ने भी डॉ. कंचन जैन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह सम्मान शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणास्तंभ है। डॉ. जैन की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगी।
अंतर्राष्ट्रीय अकादमी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस की ओर से एम्ब. डॉ. टीकम सोनी ने कहा कि डॉ. कंचन जैन का कार्य अत्यंत सराहनीय है।
शिक्षा और समाज सेवा के प्रति समर्पित ऐसे शिक्षाविद् समाज के लिए आदर्श होते हैं और उनके योगदान को सम्मानित करना गौरव की बात है। शिक्षक दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान डॉ. कंचन जैन की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।




