तीज महोत्सव में दिखी राजस्थानी संस्कृति की झलक, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया महोत्सव

जयपुर। विद्याधर नगर सेक्टर-2 स्थित केशव पार्क में मातृशक्ति फाउंडेशन के तत्वावधान में लहरिया एवं तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर तीज पर्व की खुशियां मनाईं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की अध्यक्ष सुनीता भारद्वाज ने कहा कि तीज राजस्थान की समृद्ध परंपरा एवं संस्कृति का प्रतीक है। इस अवसर पर महिलाएं सोलह श्रृंगार कर तीज माता की पूजा-अर्चना करती हैं तथा अखंड सुहाग और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। कार्यक्रम में पिंकी गुप्ता ने बताया कि महिलाओं के मनोरंजन के लिए हाऊजी, म्यूजिकल चेयर, रैंप वॉक सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मिस लहरिया, सोलह श्रृंगार सहित विभिन्न गेम्स के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पिंकी बंसल, सुषमा सेन, शशि गुप्ता, मीनाक्षी, मालती शर्मा, परी शर्मा, किरण पांडे, चांदनी, मोनिका, रुचि, कृष्णा, सुमन, अंजू शर्मा, अनीता भातरा, मधु एवं चांद राठौड़ सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सविता खंडेलवाल एवं ममता यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




