BCCI के फैसले से दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों में उत्साह, हरियाणा एसोसिएशन ने किया स्वागत

समालखा। लोकेश झा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से दिव्यांग क्रिकेट को लेकर लिए गए फैसले का हरियाणा दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन ने स्वागत किया है। बुधवार को पट्टी कल्याणा स्थित नंबरदार ढाबा पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें बीसीसीआई के फैसले पर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। बैठक में बताया गया कि 18 सितंबर 2026 को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित एजीएम बैठक में बीसीसीआई द्वारा अपनी राज्य इकाइयों में दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन को शामिल करने के संबंध में फैसला लिया गया है। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि यह फैसला दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों और एसोसिएशनों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन को BCCI में शामिल करने में DCCI के जनरल सेक्रेटरी रविकांत चौहान की भूमिका की सराहना की गई। वहीं PCCAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट को मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर बेहतर समन्वय, खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। बैठक में आने वाले समय में खिलाड़ियों एवं टीम की गतिविधियों को और मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई।
एसोसिएशन के सदस्यों ने बीसीसीआई के फैसले के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे देशभर के दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे ले जाने के नए अवसर मिलेंगे। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट भीम सिंह ने की। इस अवसर पर जनरल सेक्रेटरी अशोक शर्मा, सेक्रेटरी प्रदीप ठोकर, मैनेजर शुभम पवार, सदस्य अनिल स्वामी, अनीश भूरा, दीपक, टिनु सिंह, बिकास पंडित तथा हरियाणा दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान अनिल छौक्कर मौजूद रहे।




