शिक्षक दिवस व जन्माष्टमी पर साधना चैरिटेबल ट्रस्ट ने किया सेवा कार्य
भोजन, फल, वस्त्र व दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित कर दिया मानव सेवा का संदेश
ग्रेटर नोएडा। शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर साधना चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-1 स्थित सुपरटेक हनुमान मंदिर में सेवा एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष, कवयित्री एवं समाजसेविका श्रीमती साधना शर्मा ‘सरगम’ के सान्निध्य में जरूरतमंद लोगों को भोजन, फल, वस्त्र एवं दैनिक घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में ट्रस्ट टीम की पदाधिकारी बहनों लवली शर्मा, शिल्पा शर्मा, अनुराधा त्रिपाठी, कृष्णा शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। इस दौरान जरूरतमंदों को केला, सेब, बिस्किट, साड़ियां, सूट, टी-शर्ट, पैंट, बर्तन सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर साधना शर्मा ‘सरगम’ ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि और जीवन की सच्ची कमाई है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य में किसी प्रकार का स्वार्थ या दिखावा नहीं होना चाहिए, बल्कि जहां आवश्यकता हो वहां संवेदनशीलता के साथ मदद का हाथ बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा छोटी हो या बड़ी, उसका महत्व तभी बढ़ जाता है जब उससे किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को सेवा और मानवता के प्रति प्रेरित करना है। शिक्षक दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम ने भक्ति, संस्कार और मानवता का सुंदर संदेश दिया।




