हिमालय परिवार की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, इंद्रेश कुमार ने दिया राष्ट्र समर्पण का संदेश

जयपुर। भारत के प्रत्येक नागरिक का जीवन लक्ष्य राष्ट्र को समर्पित होना चाहिए। हिमालय परिवार का हर कार्यकर्ता निष्काम निस्वार्थ भाव से राष्ट्रीय अखंडता के लिए कार्य करता है। हमारा संकल्प है कि कैलाश मानसरोवर जल्द ही चीन से मुक्त होगा और तिरंगा पीओके व लाहौर में लहराएगा। यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय हिमालय परिवार के संस्थापक संरक्षक इंद्रेश कुमार ने जयपुर के महेश नगर स्थित ब्रज वाटिका में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलबाग सिंह जसरोटिया ने की। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि इंद्रेश जी के नेतृत्व में हिमालय परिवार निरंतर सुदृढ़ हो रहा है। प्रदेश महामंत्री अरविंद जारोली ने बताया कि संगठन का हर कार्यकर्ता संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेगा। इसी क्रम में निर्णय लिया गया कि आगामी वर्ष 30वीं सिंधु दर्शन यात्रा के साथ प्रथम सिंधु महाकुंभ का छह दिवसीय आयोजन लेह में सिंधु नदी उद्गम स्थल पर किया जाएगा, जिसमें राजस्थान सहित देशभर से सैकड़ों राष्ट्रभक्त यात्री भाग लेंगे। प्रदेश महामंत्री सच्चिदानंद पारीक ने बताया कि इंद्रेश कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि हर कार्यकर्ता रक्षा बंधन के दिन पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर भारत को प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प लेता है। इस अवसर पर तिरंगा रैली भी निकाली गई। बैठक में चित्तौड़ प्रांत संगठन मंत्री डॉ. सुशील निंबार्क, वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अबू बकर नकवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवानंद गुर्जर, दीपक टाटिया, कोमल तिवाड़ी, राज कुलदीप सिंह, श्यामबिहारी अग्रवाल, अभय नागर, सुरेंद्र नरानिया, प्रहलाद शर्मा, चंद्रकांत अग्निहोत्री, मनोज पारीक, अनुराधा शर्मा, अंजलि जादौन, योगेश राज कुमावत सहित बड़ी संख्या में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।




