विद्याधर नगर स्टेडियम में गौ महाकुंभ का भव्य आयोजन, चार दिवसीय अखंड गौ संवर्द्धन गायत्री महायज्ञ।

जयपुर। विद्याधर नगर स्टेडियम में 4 से 7 सितम्बर तक चल रहे गौ महाकुंभ का शुभारंभ गौ रक्षा एवं गौ संवर्द्धन के उद्देश्य से किया गया। इस आयोजन में देशभर से गौ पालक, गौ संवर्धन अभियान से जुड़ी संस्थाएं और गौ उत्पाद बनाने वाली गौशालाएं भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत गायत्री सप्त क्रांति ट्रस्ट द्वारा चार दिवसीय गौ पुष्टि एवं संवर्द्धन गायत्री महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। यह यज्ञ प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक अखंड चलेगा। यज्ञ में गौ काष्ठ, गौ घृत और दिव्य हवन सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। पहले दिन सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और गौ रक्षार्थ 5100 आहुतियाँ भगवान को समर्पित की गईं। आयोजन समिति के अनुसार, यज्ञ 7 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें नि:शुल्क संस्कार जैसे पुंसवन, नामकरण, यज्ञोपवीत और अन्नप्राशन भी कराए जाएंगे।इसके साथ ही गौ तीर्थ आश्रम, ऋषिकेश द्वारा शोधित और निर्मित पंचगव्य आधारित औषधियां भी लोगों का विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। हिमालयी क्षेत्र में दिव्य जड़ी-बूटियाँ चरने वाली और गंगा जल पीने वाली गायों के पंचगव्य से बनी इन औषधियों से डायबिटीज, थायरॉयड, आर्थराइटिस, कैंसर, पाचन व श्वास संबंधी रोगों सहित कई असाध्य बीमारियों के उपचार का दावा किया गया है।
शिविर में गव्य सिद्ध डॉक्टर नि:शुल्क परामर्श देकर रोगियों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। आयोजन में आने वाले लोग चिकित्सा परामर्श और पंचगव्य उत्पादों के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।




