Uncategorized

राज्यपाल बागडे और विधायक गोपाल शर्मा ने एक साथ सुनी पीएम मोदी के मन की बात

जयपुर (31 अगस्त, 2025)। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, राजस्थान विधानसभा परिसर में रविवार को गणेशोत्सव 2025 का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे उपस्थित रहे, जबकि जगद्गुरु दिवाकर द्वाराचार्य संत शिरोमणी अवधेशदास महाराज का सान्निध्य रहा। वहीं, त्रिनेत्र गणेश मंदिर, रणथंभौर के महंत बृजकिशोर दाधीच और निकुंज दाधीच विशेष रूप से उपस्थित रहे। गणेशोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिविल लाइंस वासी और प्रबुद्धजन शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गणेशोत्सव की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में गणेशोत्सव ने सामाजिक एकता और राष्ट्र जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर लोगों को एकजुट किया था। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने इस परंपरा को राष्ट्रीय एकता से जोड़ा। यह आज भी हमें सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोए रखने की प्रेरणा देती है।
*सांस्कृतिक सद्भाव का प्रतीक : विधायक शर्मा*
कार्यक्रम के संयोजक और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि गणेशोत्सव केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात कार्यक्रम के दौरान इसका उल्लेख किया है। गणेशोत्सव के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रेम और भक्ति ही भारतीयता: अवधेशदास महाराज

जगद्गुरु दिवाकर द्वाराचार्य संत शिरोमणी अवधेशदास महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और बुद्धि-समृद्धि के दाता हैं। यह गणेशोत्सव हम सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। यह आयोजन हमें भारतीयता का अनुभव कराते हुए हमारी संस्कृति के अनुरूप एकता, प्रेम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मनमोहक झांकियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धि विनायक गणेश मंदिर का प्रसाद वितरण आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोहा। कार्यक्रम के अंत में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण ने आयोजन में चार चांद लगाए। राज्यपाल बागडे, विधायक शर्मा और अवधेशदास महाराज ने प्रमुख गणेश मंदिरों के महंतों/ पुजारियों को सम्मानित किया और प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को भी पुरस्कारों से नवाजा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!