ममता जाट ‘मंजुला’ के ग़ज़ल संग्रह ‘आपकी इनायतें’ का 3 जनवरी को टोंक में विमोचन

टोंक। राजस्थान साहित्य अकादमी के सहयोग से प्रकाशित साहित्यकार ममता जाट ‘मंजुला’ की स्वरचित ग़ज़ल संग्रह ‘आपकी इनायतें’ का भव्य विमोचन समारोह शनिवार, 3 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे शाकुंतलम होटल, बाईपास कोटा रोड, टोंक में आयोजित किया जाएगा। ममता जाट ‘मंजुला’ की यह तीसरी पुस्तक है, जो ग़ज़ल विधा में उनके सशक्त साहित्यिक योगदान को दर्शाती है।
इससे पूर्व उनका प्रथम काव्य संग्रह ‘अंतर्मन के मोती’ वर्ष 2021 में प्रकाशित हुआ था, जिसे साहित्य जगत में विशेष सराहना मिली। वहीं दूसरा काव्य संग्रह ‘अतरंगी’ का भी विमोचन इसी दिन ‘आपकी इनायतें’ के साथ किया जाएगा।
विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष एवं राजस्थान उर्दू अकादमी के पूर्व मुख्य प्रॉक्टर डॉ. हुसैन रज़ा ख़ान होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर से वरिष्ठ साहित्यकार, गीतकार एवं कवि गोविन्द भारद्वाज करेंगे।
मुख्य वक्ता के रूप में उर्दू साहित्यकार, आलोचक एवं शायर डॉ. अरशद अब्दुल हमीद तथा कवि एवं शायर महबूब अली ‘महबूब’ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा एवं वरिष्ठ साहित्यकार सुभाषचंद्र शर्मा (जयपुर), वरिष्ठ साहित्यकार व गीतकार आर.एल. दीपक, वरिष्ठ साहित्यकार एवं आलोचक डॉ. मनु शर्मा, वरिष्ठ उर्दू साहित्यकार डॉ. अजीजुल्लाह शिरानी तथा वरिष्ठ साहित्यकार अशोक सक्सेना उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व तहसीलदार लक्ष्मीनारायण जाट ने बताया कि मंच संचालन जे.वी.पी. मीडिया के निदेशक हरिराम किवाड़ा द्वारा किया जाएगा। विमोचन समारोह में हिंदी एवं उर्दू साहित्य से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की सहभागिता रहेगी। साथ ही कार्यक्रम में पत्रकारगण एवं साहित्यकार के परिजन भी उपस्थित रहेंगे।




