पैरा लीगल वालंटियर एवं सपोर्ट परसंस के संवर्धन हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

आलोक अवस्थी। नजऱ इंडिया 24 ब्यूरो चीफ
जयपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर प्रथम एवं द्वितीय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के सहयोग से आसरा फाउंडेशन जयपुर द्वारा पैरा लीगल वालंटियर, सपोर्ट परसंस एवं विधि महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर द्वितीय की सचिव पल्लवी शर्मा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर प्रथम के सचिव किशोर तलेपा द्वारा पत्र विमोचन कर किया गया। प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन तक न्याय की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना एवं विधिक सहायता की संभावनाओं को सुदृढ़ करना रहा।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान श्रम उन्मूलन, निःशुल्क विधिक सहायता, बच्चों के कानूनी अधिकार, बाल श्रम के दुष्परिणाम सहित विभिन्न संवैधानिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों को पैरा लीगल वालंटियर की भूमिका, बाल कल्याण समितियों की कार्यप्रणाली, बाल अनुकूल न्याय प्रणाली, बच्चों से संबंधित सरकारी योजनाएं, संचार कौशल, काउंसलिंग तथा पीड़ित सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण सत्रों में विवेक शर्मा, डॉ. प्रतिमा सोनी, जनार्दन आत्रीय, डॉ. अभिनव भारद्वाज, लोहित आमेटा एवं डॉ. शाइना परवीन ने संवादात्मक माध्यम से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। समापन समारोह में आसरा फाउंडेशन की सचिव मंगल शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं के कौशल में वृद्धि होती है तथा वे समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय एवं सहायता पहुंचाने में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।




