उत्कृष्ट योगदान हेतु सुशील प्रजापत, गजेंद्र सिंह तंवर और राजेश वीर गुर्जर हुए सम्मानित

जयपुर। दिनांक 06 दिसंबर 2025 को निदेशालय नागरिक सुरक्षा राजस्थान, जयपुर परिसर में नागरिक सुरक्षा का 63वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में डिवीजन 09 जयपुर के डिविजनल वार्डन सुशील कुमार प्रजापत को उनके सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। सम्मान गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक जगजीत सिंह मोंगा के करकमलों से प्रदान किया गया। प्रजापत को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।सुशील कुमार प्रजापत ने यह सम्मान डिवीजन 09 की प्रशिक्षण टीम और सक्रिय स्वयंसेवकों को समर्पित करते हुए सभी वार्डनों एवं स्वयंसेवकों को धन्यवाद और साधुवाद दिया।बताया गया कि सक्षम जयपुर अभियान के तहत प्रजापत और उनकी टीम ने डिवीजन 09 क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया। इसके अतिरिक्त डिवीजन क्षेत्र में आयोजित ऑपरेशन शील्ड के सफल संचालन में भी इन्हें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय मिला, जिसके फलस्वरूप उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ। गर्व की बात है कि डिवीजन 09 से ही प्रशिक्षण टीम के प्रमुख एवं कंट्रोल रूम ऑपरेटर गजेंद्र सिंह तंवर तथा आपदा बचाव एवं खोज कार्य के विशेषज्ञ राजेश वीर गुर्जर को भी राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह में अधिकारियों ने बताया कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक आपदा के समय जन-सेवा की प्रथम पंक्ति में खड़े होते हैं। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान पूरे विभाग के मनोबल को बढ़ाता है।




