महवा में गूँजा साहित्य और खेल का संगम, लुकमान गौरी हुए सम्मानित

दौसा। जिले के महवा में 1 फरवरी को आयोजित आज़ाद कलम महोत्सव साहित्य और खेल का अनूठा संगम बनकर सामने आया। कार्यक्रम के अंतर्गत कवि क्रिकेट लीग 2 तथा भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों और साहित्यकारों ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मालपुरा की माटी के लाल, ग्राम पंचायत राजपुरा बास पचेवर निवासी कवि लुकमान गौरी को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और ओजपूर्ण देशभक्ति काव्य पाठ के लिए आज़ाद साहित्य श्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
कवि क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ मंच से प्रस्तुत उनके ओज रस से परिपूर्ण काव्य ने श्रोताओं में देशभक्ति का संचार कर दिया। उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने उनकी ऊर्जा, स्वर और भावाभिव्यक्ति की मुक्तकंठ से सराहना की।
गौरतलब है कि लुकमान गौरी साहित्य के क्षेत्र में ओज रस के माध्यम से निरंतर मालपुरा का नाम रोशन कर रहे हैं। उनका यह सम्मान न केवल उनके लिए, बल्कि सम्पूर्ण मालपुरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।



