UGC कानून के खिलाफ विप्र सेना का प्रदर्शन, विद्याधर नगर में उग्र आंदोलन की चेतावनी

जयपुर | विद्याधर नगर UGC कानून के विरोध में शनिवार को विद्याधर नगर स्थित परशुराम सर्किल पर विप्र सेना की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में विप्र समाज के बंधुओं ने भाग लेकर अपना आक्रोश प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान विप्र सेना अध्यक्ष जयपुर अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि UGC कानून वर्तमान स्वरूप में समाज के साथ अन्यायपूर्ण है और यदि इसमें शीघ्र संशोधन नहीं किया गया तो आने वाले समय में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से और अधिक व्यापक रूप लेगा।
प्रदर्शन के दौरान विप्र सेना द्वारा सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी गईं—
1. UGC कानून में आवश्यक संशोधन किया जाए।
2. EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) व्यवस्था में मौजूद खामियों को दूर किया जाए।
3. विप्र समाज के अधिकारों एवं कल्याण के लिए विप्र कल्याण बोर्ड का शीघ्र गठन किया जाए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन वक्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।




