अभियान को गति देने का संकल्प, विश्व सनातन संघ ने की नई राष्ट्रीय नियुक्तियों की घोषणा

जयपुर। विश्व सनातन संघ की विशेष राष्ट्रीय बैठक लक्ष्य एसोसिएट, निवारू रोड, झोटवाड़ा (जयपुर) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सलाहकार जेपी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. राकेश वशिष्ठ तथा मुख्य सचिव एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से की। बैठक में संगठन के देशव्यापी विस्तार, आगामी कार्ययोजना एवं विभिन्न राज्यों में संगठन को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों की अनुशंसा पर संगठन में नई राष्ट्रीय नियुक्तियों की घोषणा की गई। इसके तहत साध्वी प्राची को राष्ट्रीय महासचिव (संत प्रकोष्ठ), परम पूज्य गुरु माँ साध्वी श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर अंजली देवानंदगिरी महाराज को राष्ट्रीय संयोजक (संत प्रकोष्ठ) तथा सुप्रसिद्ध ओज कवयित्री चौ. अंशु छौकर ‘अवनी’ (अनुसुइया) को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा, कोषाध्यक्ष भीम कुमार कुशवाहा, मुख्य सचिव शंभूदयाल शर्मा, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष संगीता शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री हनुमान स्वामी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं महाराष्ट्र से मयूर मिश्रा, उत्तराखंड प्रभारी वेणीराम उनियाल, झारखंड, मध्य प्रदेश के नरेंद्र सिंह सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने दूरभाष के माध्यम से अपनी सहमति एवं सहभागिता दर्ज कराई। नियुक्ति के उपरांत नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन की विचारधारा और उद्देश्यों को पूरे देश में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. अंशु छौकर ‘अवनी’ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा के नेतृत्व में पूरे भारत में संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने तथा “सनातन एकता संकल्प अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने का विश्वास दिलाया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा ने कहा कि यह बैठक संगठन की मजबूती, सनातन धर्म की एकता तथा महिला सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही “सनातन नारी एकता सुरक्षा अभियान” पूरे देश में व्यापक स्तर पर प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को धर्म, राष्ट्र एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक और संकल्पित होना चाहिए। साथ ही समाज में शांति, सद्भाव एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रभान शर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकता, सशक्तिकरण तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।




