गजसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 2 तक पहुंचना बना परेशानी, ओवरब्रिज की मांग उठी
स्वतंत्र पत्रकार घनश्याम शर्मा श्रीगंगानगर
गजसिंहपुर। गजसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 2 तक पहुंचने में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने के लिए काफी असुविधा होती है। रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज नहीं होने के कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 2 तक पहुंचने के लिए असुरक्षित एवं कठिन रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
एक यात्री ने गजसिंहपुर आने के बाद स्टेशन की व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस समस्या की ओर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 तक पहुंचने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है और सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्ग यात्रियों को होती है। उन्होंने कहा कि गजसिंहपुर के जनप्रतिनिधियों को यात्रियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे अधिकारियों के समक्ष फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग प्रमुखता से उठानी चाहिए।

यात्रियों का कहना है कि गजसिंहपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में दोनों प्लेटफॉर्म को जोड़ने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण होने से यात्रियों को राहत मिलेगी और रेलवे स्टेशन पर आवागमन भी सुरक्षित हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे इस समस्या को रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों और संबंधित मंत्रालय के समक्ष उठाकर जल्द से जल्द फुट ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू करवाने के प्रयास करें




