7 दिवसीय शिवमहापुराण कथा के समापन पर भव्य हवन यज्ञ, की जनकल्याण की कामना

जे पी शर्मा। नजर इंडिया 24
जयपुर। झोटवाड़ा वर्षा विहार, लालचन्द पुरा में आयोजित सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का रविवार को विधिवत समापन हुआ। कथा के समापन अवसर पर जनकल्याण, सुख-शांति एवं क्षेत्र की समृद्धि की कामना को लेकर भव्य हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
वर्षा विहार विकास समिति के सचिव राम सिंह तिड़ोकी ने बताया कि सात दिनों तक आयोजित शिवमहापुराण कथा का वाचन गोवर्धन निवासी डॉ. आचार्य पवन जी महाराज ने किया। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, शिव भक्ति, धर्म, संस्कार और मानव जीवन में सद्कर्मों के महत्व का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कथा के समापन पर आयोजित हवन यज्ञ में मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक आहुतियां दी गईं। पंडित रोहित शर्मा ने हवन यज्ञ संपन्न कराया, जबकि रामवतार शर्मा ने सहयोग किया। हवन यज्ञ में सपत्नीक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जनकल्याण एवं विश्व शांति की कामना की।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-शांति, परिवारों में खुशहाली और सभी के निरोगी एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। सात दिवसीय धार्मिक आयोजन के सफल समापन पर समिति पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।




