सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’ का साहित्य वर्ग में ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026 के लिए चयन
जयपुर। साहित्यकार, गीतकार एवं पत्रकार सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’ का चयन प्रतिष्ठित ‘मुंशी प्रेमचंद ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026’ सम्मान के लिए किया गया है। समर्पण संस्था (रजि.), जयपुर की ओर से जारी अवॉर्डी सूची में उनका चयन साहित्य वर्ग में किया गया है। समर्पण संस्था की ओर से आयोजित 11वें ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026 समारोह में समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, सामाजिक न्याय, शोध एवं आविष्कार, खेल, आध्यात्म, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, पत्रकारिता, बिजनेस, योग, दान एवं कंटेंट क्रिएशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’ हिंदी एवं राजस्थानी भाषा में सहज, संवेदनशील और प्रभावशाली लेखन के लिए साहित्य जगत में अपनी पहचान रखती हैं। उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा वे विभिन्न साहित्यिक संकलनों में भी सक्रिय रूप से सहभागी रही हैं। उनके लेखन में सामाजिक सरोकार, संवेदनशीलता और मानवीय भावनाओं की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। समर्पण संस्था की ओर से ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026 सम्मान समारोह 22 नवंबर 2026 को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मान के लिए चयनित होने पर साहित्य जगत से जुड़े लोगों, शुभचिंतकों एवं साहित्यप्रेमियों ने सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




