गजसिंहपुर की शांति और सुरक्षा… हमारी साझा जिम्मेदारी
स्वतंत्र पत्रकार घनश्याम शर्मा,
श्रीगंगानगर। गजसिंहपुर में पिछले दिनों एक साथ कई बड़े आयोजन और महत्वपूर्ण गतिविधियां देखने को मिलीं। कहीं हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में धार्मिक समागम में शामिल हुए, कहीं नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं तो कहीं कबड्डी मैदान में खिलाड़ियों के जोश के साथ सैकड़ों दर्शकों की भीड़ उमड़ी।
इन सभी आयोजनों में एक बात लगातार दिखाई दी—पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और व्यवस्था। भीड़ कितनी भी हो, माहौल कितना भी संवेदनशील हो या आयोजन कितना भी बड़ा, पुलिस प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाई और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया।
गजसिंहपुर जैसे छोटे शहर में हजारों लोगों की भीड़ वाले धार्मिक आयोजन, चुनावी गतिविधियों और खेल आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना आसान काम नहीं है। ऐसे समय में पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।
डीवाईएसपी श्रीकरणपुर, एसएचओ गजसिंहपुर सहित समस्त पुलिस स्टाफ की कार्यशैली की सराहना की जानी चाहिए। हम अक्सर व्यवस्थाओं की कमियां सामने लाते हैं, सवाल उठाते हैं और आलोचना करते हैं, लेकिन जहां अच्छा कार्य दिखाई दे, वहां खुले मन से उसकी प्रशंसा भी होनी चाहिए।
गजसिंहपुर की शांति, सुरक्षा और भाईचारे को बनाए रखने में जुटी पूरी पुलिस टीम को साधुवाद। उम्मीद है कि पुलिस और आमजन के बीच सहयोग एवं विश्वास की यह भावना आगे भी कायम रहेगी।
गजसिंहपुर सुरक्षित रहे, शांत रहे और आपसी भाईचारे के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहे।




