जयपुर में भव्य श्याम अमृत महोत्सव, संत-महात्माओं व भक्तों की रही बड़ी उपस्थिति

जयपुर। श्याम रत्न से सम्मानित मैयाजी आनंदी देवी सारड़ा एवं मंदिर श्री काले हनुमान जी के महंत गोपालदास महाराज के जन्मदिन पर मंगलवार शाम टोंक रोड स्थित तारों की कूंट, हरदेव कॉलोनी के मेपल लीफ में श्री श्याम अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। आयोजन से जुड़े चेतन अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया था। इस अवसर पर श्री श्याम सेवक कल्याण संघ के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में शुक सम्प्रदाय आचार्य अलबेली माधुरी शरण महाराज, ब्रह्म पीठाधीश्वर काठिया परिवाराचार्य रामरतन देवाचार्य महाराज, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, खाटू श्याम मंदिर के महंत मोहनदास महाराज, पूर्व अध्यक्ष प्रतापसिंह सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महोत्सव में बाबा श्याम का अद्भुत और अलौकिक श्रृंगार किया गया। कोलकाता के कारीगरों द्वारा बाबा का दरबार सजाया गया तथा छप्पन भोग की झांकी ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या में भक्तों ने झूमकर आनंद लिया। कोलकाता से आए लव अग्रवाल ने “श्याम तेरा दीवाना आया दर पे तेरा…”, तुषार चौधरी ने “खाटू के श्याम हमारा सहारा…”, जयपुर से प्रकाश अग्रवाल ने “श्याम नाम रस पिया रे…”, राज राठौड़ ने “जब श्याम मिलेंगे तो रो-रो कहेंगे…”, महेश परमार ने “श्याम तेरी बंसी पुकारे आजा…”, तृप्ति लड्ढ़ा ने “मेरे श्याम आ जाओ दिल ये पुकारे…”, सागर शर्मा ने “श्याम बिना लागे ना जिया…”, मनोज शर्मा ने “श्याम आएंगे मन में छा जाएंगे…”, आदित्य छीपा ने “श्याम तेरे चरणों में सुख पाऊं…”, और पीयूष शर्मा ने “श्याम रंग में रंग जाऊं…” जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। श्याम भक्ति से सराबोर इस आयोजन में श्याम सेवक संस्थाओं से जुड़े बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति रही और देर रात तक भक्तिमय वातावरण छाया रहा।



