उदयपुर के मिनी माइक्रो आर्टिस्ट डॉ. चन्द्रप्रकाश चित्तौड़ा ‘आइकॉन ऑफ इंडिया–2025’ से सम्मानित

नानालाल आचार्य। नजऱ इंडिया 24
उदयपुर। कला के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाली संस्था ब्लू स्टार इवेंट्स, नासिक (महाराष्ट्र) की ओर से उदयपुर के ख्यातनाम मिनी माइक्रो आर्टिस्ट डॉ. चन्द्रप्रकाश चित्तौड़ा को हाल ही में ‘आइकॉन ऑफ इंडिया–2025’ सम्मान से नवाजा गया। सम्मान स्वरूप संस्था द्वारा उन्हें सम्मान पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रेषित की गई।
यह सम्मान सामग्री संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने डॉ. चित्तौड़ा को प्रदान करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके कलात्मक प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सूक्ष्म से लघु कलाकृतियों के माध्यम से डॉ. चित्तौड़ा ने कला जगत में उदयपुर का नाम रोशन किया है।
इस विशिष्ट उपलब्धि पर डॉ. चन्द्रप्रकाश चित्तौड़ा ने ब्लू स्टार इवेंट्स की टीम एवं संभागीय आयुक्त का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. चित्तौड़ा विभिन्न अवसरों पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मिनी माइक्रो आर्ट की अनूठी कृतियों का सृजन करते रहे हैं। उनकी इस साधना के लिए उन्हें पूर्व में भी अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, जो उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।




