आज़ाद महोत्सव 2026 के साहित्य पुरस्कारों की घोषणा , देश के ख्यातनाम साहित्यकार होंगे सम्मानित

दौसा। आगामी 1 फ़रवरी 2026 को दौसा जिले के महुआ में आयोजित होने वाले आज़ाद महोत्सव एवं कवि क्रिकेट लीग–2 (KCL-2) के अंतर्गत हिंदी साहित्य लेखन के लिए दिए जाने वाले साहित्य पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इसके लिए देशभर के साहित्यकारों से प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त प्रविष्टियों का तीन सदस्यीय चयन समिति द्वारा गहन अध्ययन एवं मूल्यांकन किए जाने के बाद पुरस्कारों के लिए साहित्यकारों का चयन किया गया। चयन समिति के निर्णयानुसार “आज़ाद साहित्य रत्न” पुरस्कार के लिए दिल्ली की वरिष्ठ लेखिका डॉ. अनुराधा पाण्डेय ‘काव्य-केशरी’ का उनके समग्र साहित्यिक लेखन के लिए चयन किया गया है। उन्हें ₹3100 की नकद राशि, शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
गद्य साहित्य लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रोहतक (हरियाणा) की लेखिका अर्चना कोचर को “चरत सिंह यादव स्मृति सम्मान” प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर उन्हें ₹2100 की नकद राशि, शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
इसी क्रम में काव्य लेखन के लिए बस्ती (उत्तर प्रदेश) के कवि लाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को “देवेंद्र यादव स्मृति सम्मान” से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। उन्हें भी ₹2100 की नकद राशि, शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आज़ाद कलम ट्रस्ट के अध्यक्ष नवल घुणावत ने बताया कि आगामी 1 फ़रवरी 2026 को महुआ में आयोजित समारोह में चयनित साहित्यकारों को विधिवत सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज़ाद महोत्सव का उद्देश्य साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक चेतना को प्रोत्साहित करना तथा नए और स्थापित साहित्यकारों को एक साझा मंच प्रदान करना है।




