सहायक कलेक्टर व नगर निगम उपायुक्त ने छात्राओं को विज्ञान व तकनीक में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

आलोक अवस्थी। नजऱ इंडिया 24 ब्यूरो चीफ
जयपुर | 03 जनवरी 2026 विद्यालय उद्यम एवं आसरा फाउंडेशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेकर लैब वर्कशॉप के दूसरे दिन राजकीय बालिका सीनियर सेकंडरी विद्यालय, झोटवाड़ा, जयपुर में उत्साहपूर्ण गतिविधियाँ देखने को मिलीं।कार्यक्रम के दौरान सुश्री सुमन चौधरी, सहायक कलेक्टर, आमेर (जयपुर) ने कार्यशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने इस नवोन्मेषी पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन से छात्राओं में आत्मविश्वास और सीखने की जिज्ञासा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इसी दिन श्री करणी सिंह, उपायुक्त, नगर निगम जयपुर (विद्याधर नगर ज़ोन) ने भी कार्यशाला का दौरा किया। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी कौशल सीखने, रचनात्मक सोच विकसित करने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मंगला शर्मा, सचिव, आसरा फाउंडेशन जयपुर ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्टेम लैब पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि छात्राएँ इस पहल का भरपूर लाभ उठाकर भविष्य में उत्कृष्ट परिणाम देंगी।यह मेकर लैब वर्कशॉप सरकारी विद्यालयों में स्टेम शिक्षा को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो छात्राओं को तकनीक-आधारित सीखने और नवाचार की ओर अग्रसर कर रहा है।



