Uncategorized

गोविंद देवजी मंदिर में सुरभि गायत्री महायज्ञ सम्पन्न, गौ संरक्षण का संकल्प

जयपुर, 26 अप्रैल। गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सानिध्य में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सुरभि गायत्री महायज्ञ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी, वेद माता मां गायत्री व गुरु सत्ता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
युग तीर्थ शांतिकुंज के तत्वावधान में आयोजित यज्ञ में 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने अलग-अलग पारियों में आहुतियां अर्पित कीं। देसी नस्ल की गाय के गोबर से बने गौकाष्ठ से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन हुआ। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी से भक्त भूषण, नीलम व रिद्धिमा ने प्रज्ञा गीतों के साथ यज्ञ सम्पन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गौ उत्पादों के अधिक उपयोग का संकल्प लिया। यज्ञ के दौरान अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद के चेयरमैन राहुल द्विवेदी, गौ क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद कोठारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
आचार्य पीठ से भक्त भूषण वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति की जीवनरेखा है। वैज्ञानिक दृष्टि से गाय के गोबर व गोमूत्र में रोगाणुनाशक गुण पाए जाते हैं, जो पर्यावरण शुद्धि, जैविक खेती और मानव स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं। गौकाष्ठ के उपयोग से लकड़ी की बचत होती है और प्रदूषण कम होता है। धार्मिक दृष्टि से गाय में 33 कोटि देवताओं का वास माना गया है तथा यज्ञ, पूजा और संस्कारों में इसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण से प्रकृति संतुलन, कृषि समृद्धि और समाज का नैतिक उत्थान संभव है।

गौ संकीर्तन में कुंज बिहारी जाजू ने “गाय राजी तो गोपाल राजी, भाई गौसेवा में लागो रे” तथा “गौ माता को दिलवाना है सम्मान” भजन प्रस्तुत किए। दिनेश पारीक ने “तुम ढूंढो मुझे गोपाल” भजन गाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। अनंत शर्मा, दीपक शर्मा, प्रवीण सोनी व रोहित सिंह ने भी भजन प्रस्तुत किए, जबकि ढोलक संगत निर्वेद शर्मा ने दी।
अभियान के तहत 27 अप्रैल को जिला व उपखंड स्तर पर अधिकारियों को ज्ञापन दिए जाएंगे। जयपुर में मुख्य कार्यक्रम सुबह 9 बजे अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!