शिक्षक, कवि एवं साहित्यकार डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल को ‘महादेवी वर्मा विश्व भूषण सम्मान’
लखनऊ। लखनऊ के हजरतगंज स्थित उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के प्रतिष्ठित निराला सभागार में छायावादी कवयित्री महादेवी वर्मा के जन्मदिन के अवसर पर निहारिका साहित्य मंच एवं कंट्री ऑफ इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उत्तराखंड के शिक्षक, कवि, साहित्यकार, समीक्षक एवं संपादक डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘महादेवी वर्मा विश्व भूषण सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल को यह सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रीमा सिन्हा, वरिष्ठ पत्रकार सुल्तान शहरयार खान एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री फरहा रिजवी ने प्रदान किया। सम्मान समारोह में देश-विदेश से आए 150 से अधिक साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों एवं पत्रकारों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. नरेश चन्द्र उनियाल ने निहारिका साहित्य मंच की संस्थापिका डॉ. रीमा सिन्हा एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीज सिद्दीकी सहित आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान साहित्य के प्रति उनकी जिम्मेदारी और रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा प्रदान करेगा।




