विद्याधर नगर स्थित श्री पापड़ वाले हनुमान मंदिर में पोष बड़ा प्रसादी, 15 हजार श्रद्धालुओं ने किया पंगत प्रसादी ग्रहण

जयपुर | विद्याधर नगर श्री पापड़ वाले हनुमान मंदिर, विद्याधर नगर जयपुर के पावन परिसर में पोष बड़ा प्रसादी का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के पीठाधीश्वर महाराज श्री रामसेवक दास जी के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक लाइटिंग से भव्य रूप से सजाया गया। विधिवत भगवान को भोग अर्पित करने के पश्चात पंगत प्रसादी का शुभारंभ किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अनुशासन एवं भक्ति भाव के साथ प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में विधायक बालमुकुंद आचार्य महाराज, जनसेवक सीताराम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं हजारों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एकता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। मंदिर संत विकास समिति के पदाधिकारी मीठालाल जी समोटा ने जानकारी देते हुए बताया कि पोष बड़ा प्रसादी का यह आयोजन प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहता है और इस बार भी अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और उल्लास के वातावरण में पंगत प्रसादी का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ।




