श्रीरामपुरी चन्दाबाड़ी की टूटी सड़कों व पार्क की बदहाल स्थिति पर सौंपा ज्ञापन
विकास समिति ने नगर निगम व उपमुख्यमंत्री से सड़क व पार्क मरम्मत की उठाई मांग।

जयपुर।शहर के झोटवाड़ा क्षेत्र स्थित श्रीरामपुरी चन्दाबाड़ी कॉलोनी में सड़कों व पार्क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। समस्या के समाधान हेतु श्रीरामपुरी चन्दाबाड़ी विकास समिति के अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों तथा उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के नाम उनके ऑफिस इंचार्ज हनुमान सिंह को ज्ञापन सौपा , जिन्होंने मौके पर ही संबंधित नगर निगम एवं जेडीए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।ज्ञापन में बताया गया कि झोटवाड़ा-निवारू रोड स्थित श्रीरामपुरी चन्दाबाड़ी की सड़कों की हालत अत्यंत खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण बरसात के समय इनमें पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और कई लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। संतोष तड़का के पास वाली सड़क की स्थिति बेहद दयनीय है, जिसका वर्षों से पुनर्निर्माण नहीं हुआ है। इसके अलावा कॉलोनी के पार्क की स्थिति भी चिंताजनक है। पार्क की दीवार टूटी हुई है और फुटपाथ भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है, जिससे सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कर राहत प्रदान करने की मांग की है। इस अवसर पर अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर, विष्णु कुमार टांक, गजेंद्र सिंह, (टोनी) जे.पी. शर्मा, नरेन्द्र कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




