बजरंग दल सेवा सप्ताह के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 167 लाभार्थियों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

जयपुर। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के विद्याधर जिला के हरमाड़ा प्रखंड द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत रविवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सेवा बस्तियों से आए 167 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी) तथा शुगर की जांच की गई। जांच के दौरान छह लाभार्थियों का चयन निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन के लिए किया गया, जिनका ऑपरेशन संस्था के सहयोग से कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद के महानगर सह मंत्री संजय बंसल, जिला अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, जिला सह मंत्री बलराम राईका, जिला संयोजक विनीत बजरंगी, जिला सह संयोजक राघवेन्द्र सिंह सहित हरमाड़ा प्रखंड की पूरी टीम उपस्थित रही और शिविर के सफल संचालन में सहयोग किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने बताया कि बजरंग दल का सेवा सप्ताह प्रत्येक वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य सेवा बस्तियों तक स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक सहयोग पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संपर्क और सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र के साथ देशभर में विभिन्न सेवा कार्यों का संचालन करता है।




