रेनू संजय अनवरिया के नेतृत्व में बाह रोड क्षेत्र में चलाया जागरूकता अभियान

अरुण शर्मा। नजर इंडिया 24, जिला ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद। रक्तदान महादान, रक्तदान बचाए किसी की जान के संदेश के साथ केंद्रीय संयोजिका रेनू संजय अनवरिया के नेतृत्व में बाह रोड क्षेत्र में रक्तदान जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आमजन को रक्तदान के महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया गया। रेनू संजय अनवरिया ने बताया कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया तेज होती है, तनाव कम होता है, हानिकारक आयरन की मात्रा नियंत्रित रहती है, हृदय एवं लिवर स्वस्थ रहते हैं, मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा वजन नियंत्रण में भी सहायता मिलती है।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु और 45 किलोग्राम या उससे अधिक वजन वाला स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान के बाद शरीर शीघ्र ही रक्त की कमी को पूरा कर लेता है। उन्होंने कहा कि “आपका दिया हुआ रक्त किसी अनजान व्यक्ति के लिए जीवन का अमूल्य उपहार बन सकता है। जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।जागरूकता अभियान में सुनीता हरि मोहन, अर्चना योगेश एवं रिंकी गुप्ता ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील की गई कि 19 सितंबर (रविवार) को फतेहाबाद के कान्हावन में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान करें तथा अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी इस महादान में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। रक्तदान से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।




