झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया से निवारू रोड तक सड़क बदहाल, फैक्ट्रियों का गंदा पानी बना मुसीबत

जयपुर। झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया से निवारू रोड की ओर जाने वाला रास्ता इन दिनों खस्ताहाल और जानलेवा स्थिति में पहुँच चुका है। कभी औद्योगिक प्रगति का प्रतीक रही यह सड़क आज टूटी हुई, कीचड़ और जलभराव से भरी पड़ी है। फैक्ट्रियों से निकलने वाला रासायनिक युक्त पानी बिना किसी नियंत्रण के सड़कों पर बह रहा है, जिससे सड़कें और अधिक खराब हो रही हैं तथा पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
एडवोकेट दीपक शर्मा व क्षेत्रीय निवासियों ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया की नालियों की वर्षों से सफाई नहीं हुई है। कई फैक्ट्री मालिकों ने निजी स्वार्थ में नालियाँ बंद कर दी हैं, जिससे पूरा जल निकासी तंत्र ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के बावजूद प्रशासन मौन है। शर्मा ने सरकार से मांग की कि नालियों की सफाई, अवैध बंदिशों पर कार्रवाई, रासायनिक जल के निष्प्रवाह की व्यवस्था और सड़क की शीघ्र मरम्मत की जाए। लोगों कहना कि सरकार को अब नींद से जागना होगा, जनता की सहनशीलता की परीक्षा अब और नहीं ली जा सकती।




