श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का अनुपम संगम, श्री वीर हनुमान मित्र मंडल का ऐतिहासिक आयोजन

जयपुर। श्री वीर हनुमान मित्र मंडल, मुरलीपुरा, जयपुर द्वारा 17वां वार्षिकोत्सव रविवार, 14 दिसंबर 2025 को मकसूदनपुरा (बासड़ा) स्थित श्री वीर हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम प्रातः 8 बजे मंत्रोच्चारण के साथ 1100 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा से शुभारंभ हुआ। जयपुर एवं बासड़ा गांव की महिलाओं ने एक समान ड्रेस कोड में कलश यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, नृत्य और जयघोष के साथ निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।मंडल के संरक्षक घनश्याम शर्मा, हनुमान प्रसाद गुप्ता, रामजीलाल पंचोली, विनोद कुमार शर्मा, प्रकाश चावंडिया एवं पदाधिकारी विमल शर्मा, संदीप अग्रवाल, सुरेश जांगिड़, कैलाश खंडेलवाल, गोपाल मिश्रा, उमेश बंसल, गोपाल गौड़, शीतल जैन ने बताया कि कलश यात्रा के पश्चात श्री रामचरितमानस पोथी पूजन हुआ, तत्पश्चात श्री सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी, श्री राम-सीता, लक्ष्मण जी एवं श्री शिव-पार्वती जी की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सुंदरकांड पाठ के मधुर वाणी वक्ता विमल कुमार शर्मा के सस्वर पाठ ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। लगभग 8000 श्रद्धालुओं ने इस भव्य आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। दोपहर 3 बजे भव्य भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। वहीं शाम 6:15 बजे 1100 दीपकों के साथ श्री राम महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें पूरा वातावरण राममय हो गया। आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने इसे गांव का अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन बताया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में ग्रामवासियों एवं जयपुर से आई टीम का सराहनीय योगदान रहा। जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र के थाना अधिकारी भगवान सहाय मीणा ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धा, भक्ति, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता से सजा यह वार्षिकोत्सव क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा।




