देवव्रत हेल्प फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क पक्षी चिकित्सा शिविर आयोजित

जयपुर। देवव्रत हेल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में घायल एवं असहाय पक्षियों के उपचार हेतु निःशुल्क पक्षी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा शिविर 13, 14 एवं 15 तारीख को संचालित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में घायल पक्षियों को उपचार हेतु लाया गया।
शिविर में संस्था के लगभग 40 सेवादारों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण भाव से भाग लिया। सेवादारों द्वारा घायल पक्षियों का प्राथमिक उपचार, दवा, देखभाल तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया। शिविर में विशेष रूप से घायल कबूतरों का इलाज किया गया। इसके साथ ही घायल बिल्ली, घायल कुत्ते तथा एक बच्चे का, जिसकी आंख के ऊपर चाइनीज मांझे से गहरा कट लग गया था, निःशुल्क उपचार भी किया गया। उपचार के बाद जो पक्षी पूर्णतः स्वस्थ हो गए, उन्हें सुरक्षित रूप से पुनः मुक्त किया गया।
शिविर के दौरान घायल पक्षियों की संख्या में निरंतर वृद्धि को देखते हुए संस्था द्वारा सेवा शिविर की अवधि आगे भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया, ताकि कोई भी घायल पक्षी उपचार से वंचित न रह सके।
संस्था के अध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित ने बताया कि देवव्रत हेल्प फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य निःस्वार्थ भाव से जीव-जंतुओं की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस सेवा कार्य में संस्था के कर्मठ कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा, जिनमें पीयूष जोशी, उमेश दीक्षित, अजय जोशी, रमेश दीक्षित, मनीष शर्मा, नितेश सैनी, ऋतिक नायक, सोनू शर्मा, दीपक अग्रवाल, अनिकेत नायक, अंकित सिंह, मानवेन्द्र सिंह, कुणाल, सौरभ नायक एवं राहुल नायक शामिल रहे।
अंत में संस्था ने सभी सेवादारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज से अपील की कि घायल पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं की सहायता के लिए अधिक से अधिक लोग आगे आएं और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।




