आईसीएआई के 76वें वार्षिक समारोह में कृति शर्मा को किया सम्मानित सीए इंटरमीडिएट में द्वितीय रैंक पर ₹23 हजार का चेक व मेडल प्रदान

जयपुर। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) का 76वां वार्षिक समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने की। इस अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के फाउंडेशन, इंटरमीडिएट एवं फाइनल स्तर पर राष्ट्रीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अहमदाबाद से कृति शर्मा को चार्टर्ड अकाउंटेंट इंटरमीडिएट परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय रैंक प्राप्त करने पर राष्ट्रीय मेरिट सम्मान से नवाजा गया। कृति शर्मा को इस उपलब्धि के लिए ₹23,000 का चेक एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आपको बता दें कि कृति शर्मा मूल रूप से राजस्थान की राजधानी जयपुर की निवासी हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल परिवार बल्कि राजस्थान का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं ICAI पदाधिकारियों ने कृति शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत और लगन की सराहना की।




