हरियाणा की देबस्मिता बनीं फेमिना मिस इंडिया हरियाणा 2026, अब राष्ट्रीय मंच पर दिखेगा जलवा
अजमेर की परवरिश, हरियाणा की पहचान — आर्मी मेरिट लिस्ट से मिस इंडिया मंच तक प्रेरक सफर

मुंबई, 16 फरवरी 2026। मेहनत, आत्मविश्वास और बहुआयामी व्यक्तित्व की मिसाल बनीं देबस्मिता ने 16 फरवरी 2026 को मुंबई में आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में Femina Miss India Haryana 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ अब वे Femina Miss India के राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच देबस्मिता ने कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए यह मुकाम हासिल किया। चयन का सफर नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय स्क्रीनिंग राउंड से शुरू हुआ, जिसके बाद मुंबई में तीन दिन तक चले फाइनल चरण में प्रतिभागियों की सोच, व्यक्तित्व, मंच संचालन क्षमता और सामाजिक दृष्टिकोण की गहन परीक्षा ली गई।
हरियाणा के सलावाहस गांव से जुड़ी देबस्मिता का बचपन राजस्थान के Ajmer में बीता। वे प्रतिष्ठित Mayo College Girls’ School की पूर्व छात्रा हैं, जहाँ उन्होंने खेल और नेतृत्व दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने Mount Carmel College से की और वर्तमान में Christ University से ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ में मास्टर डिग्री के साथ एंथ्रोपोलॉजी (विज्ञान) का अध्ययन कर रही हैं। सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच तक पहुंचने का उनका सफर केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं रहा। देबस्मिता ने भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत यूपीएससी स्तर की परीक्षा और सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (SSB) को सफलतापूर्वक पार कर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि उन्हें अन्य प्रतिभागियों से अलग पहचान दिलाती है और उनके अनुशासन व प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मॉडलिंग और सिनेमा की दुनिया में भी वे तेजी से उभरता चेहरा हैं। वे कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग कर चुकी हैं और कन्नड़ फिल्म Bloody Babu में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए उन्होंने बेंगलुरु में जल-विषाक्तता पर शोध कार्य तथा परित्यक्त बच्चों के पुनर्वास जैसे अभियानों में सक्रिय योगदान दिया है। अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद देबस्मिता ने कहा कि यह ताज उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मंच उन्हें समाज के लिए सार्थक कार्य करने और अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करेगा। अब देबस्मिता की नजरें राष्ट्रीय मंच पर हैं, जहां वे हरियाणा की संस्कृति, आत्मविश्वास और नई सोच का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।