भक्ति, उल्लास और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाई गई धूमधाम से होली
तहसील महिला मंडल फतेहाबाद का संदेश — गुलाल से खेलें होली, पानी बचाएँ

अरुण शर्मा। नजर इंडिया 24, जिला ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद (आगरा)। फतेहाबाद स्थित तहसील मंदिर में होली का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। तहसील महिला मंडल फतेहाबाद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मातृशक्ति ने भक्ति एवं उल्लास के रंग बिखेर दिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक फाल्गुनी भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात सभी बहनों ने आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ गुलाल लगाकर होली खेली। पूरे मंदिर परिसर में रंग, उमंग और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर रेनू संजय ने संदेश देते हुए सभी से अपील की कि होली गुलाल से खेलें और जल संरक्षण का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि पानी बचाना आज की आवश्यकता है और त्योहारों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के साथ मनाना हम सभी का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने सभी से प्रेमभाव से होली मनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रेनू संजय अनवरिया, रजनी गुप्ता, मीना गुप्ता, सुनीता गुप्ता, लता गुप्ता, मधु गुप्ता, कुमकुम गुप्ता, सावित्री गुप्ता, राधा गुप्ता, रजनी गुप्ता सहित महिला मंडल की समस्त बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया।




