गैस की किल्लत से ढाबे रेस्टोरेंट बन्द होने के कगार पर, सुनील शर्मा ने दी चेतावनी

जयपुर, 13 मार्च।केंद्र की मोदी सरकार द्वारा रसोई गैस के दामों में वृद्धि तथा शादी-समारोहों के सीजन में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने के विरोध में आज जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संजय सर्किल पर धरना-प्रदर्शन किया। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पूर्व मंत्री और विधायक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की गई।धरने को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण छोटे व्यापारी और रेस्टोरेंट संचालक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। व्यावसायिक सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण जयपुर के कई छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे और हलवाई की दुकानें बंद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। व्यापार प्रभावित होने से इन प्रतिष्ठानों में काम करने वाले हजारों युवाओं की नौकरियों पर भी संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि एक ओर घरेलू सिलेंडर महंगे होने से गृहिणियों की रसोई का बजट बिगड़ गया है, वहीं दूसरी ओर व्यावसायिक गैस की कमी से छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस की कीमतों में तुरंत कमी नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को बूथ स्तर तक ले जाकर जेल भरो आंदोलन करेगी।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री डॉ. महेश जोशी, प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, विधायक अमीन कागजी, आर. आर. तिवाड़ी, गंगा देवी, राजीव अरोड़ा, अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, मंजू शर्मा सहित सभी ब्लॉक, मंडल एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




