Uncategorized

महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ पट्टीकल्याणा में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

समालखा। लोकेश झा।
गांधी स्मारक निधि पब्लिक स्कूल, स्वाध्याय आश्रम पट्टीकल्याणा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसके आयोजक, प्रायोजक, प्रतिभागी, अतिथि, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में केवल महिलाएं और लड़कियां ही शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों का समाज सेविका व आशा वर्कर द्वारा पुष्प-गुच्छ और स्टोल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल की निदेशिका कमलेश गुलाटी ने सभी आई हुई महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाएं विश्व की आबादी का लगभग पचास प्रतिशत हिस्सा हैं, लेकिन आबादी के अनुपात में उन्हें सुविधाएं अभी भी पर्याप्त रूप से प्राप्त नहीं हो पाती हैं।
स्कूल की प्रबंधक सुनीता शर्मा ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि यदि हरियाणा की बात करें तो महिलाओं की स्थिति में सुधार की मिश्रित तस्वीर दिखाई देती है। सरकार की लाडो लक्ष्मी, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण जैसी योजनाओं से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, लेकिन महिलाओं के प्रति अपराधों में अभी भी अपेक्षित कमी नहीं आई है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण और वूमेन एम्पावरमेंट पर आधारित प्रेरणादायक नृत्य और कविताएं प्रस्तुत कीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि भाजपा शहरी महिला मंडल अध्यक्षा रेखा गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की नींव है और शिक्षा ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे सशक्त माध्यम है।
डा. नेहा गुलाटी ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
सोनिया शर्मा, रेड क्रॉस सोसायटी पानीपत की फर्स्ट एड ट्रेनर ने महिलाओं के उत्थान और स्वास्थ्य जागरूकता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर किरण मलिक (मेंबर, बाल कल्याण समिति पानीपत), ईशा पवार, हेमलता रावत, किरण शरण और शशि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ सुदेश, पूनम, पूजा राठी, नेहा, संतोष, मीना, शिवानी, चेष्ठा, सोमवती सहित स्वाध्याय आश्रम परिवार की अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!