गजसिंहपुर के वार्ड 5 में नाली निर्माण की मांग, जलभराव से परेशान मोहल्लेवासी
स्वतंत्र पत्रकार घनश्याम शर्मा श्री गंगानगर
गजसिंहपुर। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 में नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने से मोहल्लेवासियों को लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे गंदा पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। मोहल्लेवासियों ने एईएन को ज्ञापन देकर समस्या का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों के किनारे जमा हो जाता है। इससे सड़क पर कीचड़ और फिसलन बनी रहती है। वहीं, सड़क के किनारे गहरी खुदाई और जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
मच्छरों का बढ़ रहा प्रकोप
लोगों का कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। गंदगी और दूषित पानी के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी होती है। मोहल्लेवासियों ने कहा कि यह समस्या किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे वार्ड की आम समस्या है। रोजाना इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण कई बार लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मौके का निरीक्षण कर पक्की नाली बनाने की मांग
मोहल्लेवासियों ने एईएन से मौके का निरीक्षण करवाकर समस्या की वास्तविक स्थिति देखने तथा वार्ड नंबर 5 में पक्की नाली का निर्माण शीघ्र करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नाली निर्माण नहीं करवाया गया तो आने वाले दिनों में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की समस्या और बढ़ सकती है। लोगों ने जनहित में इस कार्य को प्राथमिकता से करवाने की मांग की है।




