Uncategorized

झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में विकास की नई राह, सीमेंट सड़कों से खिले व्यापारियों के चेहरे

जयपुर। झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रीको की ओर से इन दिनों सीमेंट सड़कों का निर्माण कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है। वर्षों से बदहाल सड़कों, जगह-जगह गहरे गड्ढों और टूटी सड़क के कारण परेशान व्यापारियों एवं वाहन चालकों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़कों की जर्जर स्थिति के चलते यहां आवागमन करना मुश्किल हो गया था और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। ऐसे में सीमेंट सड़कों का निर्माण औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य साबित हो रहा है।

 

मजबूत सड़कों से बदलेगी औद्योगिक क्षेत्र की सूरत

सीमेंट सड़कों के निर्माण से झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से औद्योगिक इकाइयों तक माल परिवहन सुगम होगा और व्यापारियों, श्रमिकों तथा वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से सड़क सुधार की उम्मीद लगाए बैठे क्षेत्र के व्यापारियों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर राहत की सांस ली है और इस पहल की सराहना की है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

शालीमार चौराहे पर निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे पत्रकार जे.पी. शर्मा ने मौके पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मनीष शर्मा एवं रमेश मीणा की देखरेख में सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा था। सड़क की गुणवत्ता को लेकर पूछे गए सवाल पर मनीष शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य करा रहे प्रदीप अग्रवाल एवं विशाल जैन के स्पष्ट निर्देश हैं कि काम में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। निर्माण की गुणवत्ता पर समय-समय पर निगरानी रखी जाती है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूत सड़क तैयार हो सके।

व्यापारियों ने जताई खुशी

औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट सड़कों का निर्माण होने से स्थानीय व्यापारियों में खुशी का माहौल है। उनका मानना है कि बेहतर सड़कें बनने से वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों की उम्मीद है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हो, जिससे उन्हें लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!