राष्ट्रीय जंबूरी में मौजमाबाद स्थानीय संघ का शानदार प्रदर्शन — बच्चे चमके, पदाधिकारी भी सक्रिय सहभागिता में अग्रसर

हंसराज लाखीवाल। नजर इंडिया 24
जयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड की राष्ट्रीय जंबूरी, जो लखनऊ के एक्सपो ग्राउंड में आयोजित की जा रही है, उसमें जयपुर मंडल का मौजमाबाद स्थानीय संघ एक मिसाल बना हुआ है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगाती कला, द सगस स्कूल बोराज, स्टेप नेक्स्ट स्कूल केसरी सिंहपुरा और श्री बालाजी स्कूल बिचून के बच्चे इस राष्ट्रीय आयोजन में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग ले रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि पूरे जयपुर मंडल में मौजमाबाद स्थानीय संघ ही एकमात्र ऐसा संघ है जिसके सचिव, संयुक्त सचिव और सहायक सचिव स्वयं राष्ट्रीय जंबूरी में प्रत्यक्ष सहभागिता निभा रहे हैं, जो संगठनात्मक सक्रियता और नेतृत्व की उत्कृष्ट मिसाल है। स्थानीय संघ प्रधान मुकेश बड़ीवाल भी बच्चों से मिलने लखनऊ पहुंचे। उन्होंने बच्चों की देखभाल एवं अन्य आवश्यकताओं को देखते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया और आश्वासन दिया कि—
अगर और किसी आर्थिक मदद की जरूरत हो तो तुरंत बताएं, लेकिन बच्चे किसी भी स्थिति में परेशान न हों।वहीं प्रभारी सहायक कमिश्नर सीमा पाराशर और अध्यक्ष रतन तेरवाल ने दूरभाष पर बच्चों का हालचाल लिया, उनकी हौसला-अफज़ाई की और गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। स्थानीय संघ के सचिव चोगेश कुमार गोठवाल ने बताया कि राष्ट्रीय जंबूरी का समापन 29 नवंबर को किया जाएगा। राष्ट्रीय मंच पर स्काउट-गाइड के ये नन्हें प्रतिनिधि न केवल अपने विद्यालयों बल्कि पूरे जयपुर मंडल का गौरव बढ़ा रहे हैं।




