ज्ञान विहार स्कूल के प्राइमरी वर्ग का भव्य वार्षिक समारोह सम्पन्न

जयपुर। मालवीय नगर डी-ब्लॉक स्थित ज्ञान विहार स्कूल के प्राइमरी वर्ग का वार्षिक समारोह व्हिस्पर ऑफ वंडरलैंड दिनांक 9 दिसंबर 2025 को सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी के सभागार में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी एवं बैंड टीम द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं वर्तमान में भीलवाड़ा में न्यायिक मजिस्ट्रेट तन्वी माथुर ने विशिष्ट उपस्थिति दर्ज कराई। उनके साथ मंच पर स्कूल के डायरेक्टर कनिष्क शर्मा और प्राचार्य डॉ. ऋत्विज गौड़ उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि तन्वी माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि अपने ही विद्यालय में मुख्य अतिथि बनकर आना उनके लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा यह स्कूल मेरे बचपन और सपनों का हिस्सा रहा है। बच्चों को मैं यही संदेश देना चाहती हूँ कि मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। छोटी या बड़ी हर परिस्थिति में सही और अच्छा करने की कोशिश करें।
डायरेक्टर कनिष्क शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय मेहनत, आत्मविश्वास और अवसरों का महत्व समझाता है, जबकि भविष्य सपनों का एक सुंदर कैनवास है, जिसे लगन, अनुशासन और जिज्ञासा के रंगों से भरना है। उन्होंने कहा सभी बच्चों में अपार संभावनाएँ हैं। सीखना कभी न रोकें, सपने देखना कभी न छोड़ें, और अच्छाई को हमेशा अपना मार्गदर्शक बनाए रखें।अभिभावकों व शिक्षकों से उन्होंने बच्चों में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. ऋत्विज गौड़ ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। इसके बाद मुख्य अतिथि और डायरेक्टर ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफियाँ प्रदान कर सम्मानित किया।समारोह में विद्यार्थियों ने आर्ट, फ्रेंच, तथा मेंटल वेल-बीइंग थीम पर आधारित आकर्षक और रचनात्मक प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की, जिसे अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




