बर्षा विहार में गूंजे भोलेनाथ के जयकारे, भव्य कलश यात्रा में मातृशक्ति ने लिया बढ़चढ़ कर भाग

नजर इंडिया 24
जयपुर। लालचंदपुरा वर्षा विहार में सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान वातावरण शिवमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की।
कथा का वाचन गोवर्धन से पधारे डॉ. आचार्य पवन जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिन उन्होंने भगवान शिव की महिमा, शिवमहापुराण के महत्व और श्रद्धा-भक्ति के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के विषय पर प्रवचन दिए। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन के संबंध में रोहित शर्मा ने बताया कि सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन आसपास की कॉलोनियों के जनसहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है और सभी कॉलोनियों के लोगों का भरपूर सहयोग एवं समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कथा का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक वातावरण के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है।




