पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी के गणपति स्थापित

अरुण शर्मा। नजर इंडिया 24, जिला ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद। गणपति महोत्सव के अवसर पर फतेहाबाद महिला मंडल की ओर से अर्चना योगेश के निवास पर इको फ्रेंडली मिट्टी के गणपति स्थापित किए गए। इस दौरान महिला मंडल की बहनों ने भजन-कीर्तन कर भगवान गणेश एवं रिद्धि-सिद्धि की झांकी सजाई। महिलाओं ने भगवान गणेश की आरती कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
महिला मंडल की केंद्रीय संयोजिका रेनू संजय अनवारिया ने कहा कि मिट्टी के गणपति स्थापित करने का उद्देश्य पर्यावरण के साथ अपनी संस्कृति की रक्षा करना है। उन्होंने गणपति विसर्जन के दौरान लोगों से मूर्तियों को इधर-उधर न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर पर ही किसी पात्र में पानी भरकर मिट्टी की मूर्ति का विसर्जन किया जा सकता है और बाद में उस पानी को पेड़-पौधों में डालकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है। बड़ी मूर्तियों के लिए गड्ढा खोदकर उसमें विसर्जन करने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि पूजा के फूल, पत्तियां और मालाएं भी नदियों व तालाबों में विसर्जित नहीं करनी चाहिए। इनसे खाद तैयार कर पेड़-पौधों में उपयोग किया जा सकता है। फूलों से घर पर धूपबत्ती भी बनाई जा सकती है। इससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ रासायनिक खाद के उपयोग को भी कम किया जा सकता है।कार्यक्रम में राधाष्टमी के अवसर पर राधारानी के जन्मोत्सव पर बधाई गीत भी प्रस्तुत किए गए। बच्चों को पुरस्कृत किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर रेनू गुप्ता, अर्चना गुप्ता, राखी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, पूनम दोनेरिया, अंजू गुप्ता, गीता गुप्ता, ममता गुप्ता, रिंकी गुप्ता, रेखा गुप्ता, सुरभि गुप्ता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।




