कचरा प्रबंधन में लापरवाही बनी पशुओं के लिए खतरा, माया शर्मा की अपील
स्वच्छता के साथ संवेदनशीलता जरूरी: पशुधन की सुरक्षा को लेकर उठी आवाज
अजमेर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जगह-जगह कचरा डिपो स्थापित किए गए हैं। यह पहल सराहनीय है और निगम के सफाई कर्मचारी प्रतिदिन सड़कों व नालियों की नियमित सफाई कर अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता माया शर्मा ने कहा कि समस्या तब उत्पन्न होती है जब सफाई कर्मचारियों के जाने के बाद लोग कचरा डालते समय लापरवाही बरतते हैं। कई लोग कचरा पात्रों के दरवाजे खुले छोड़ देते हैं, जिससे कचरा बाहर फैल जाता है और आसपास गंदगी का माहौल बन जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग कचरे में प्लास्टिक की थैलियों में बंद बासी भोजन भी फेंक देते हैं, जिसे आवारा पशु खा लेते हैं। इससे पशु गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाते हैं, क्योंकि उनके इलाज और देखभाल के लिए कोई आगे नहीं आता।
माया शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि खाने की चीजों को प्लास्टिक में बंद कर कचरे में न डालें। यदि भोजन बाहर डालना ही हो तो उसे खुले रूप में रखें, ताकि पशुओं को नुकसान न हो। साथ ही उन्होंने लोगों से घर के बाहर कचरा न फैलाने और निगम की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पशुओं के प्रति भी संवेदनशील रहना होगा




